जयपुर को रेल विकास की बड़ी सौगात आज मिला है , जयपुर से दरभंगा के लिए रोजाना अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गयी है ,और साथ ही 205 करोड़ के मेगा कोचिंग टर्मिनल का उद्घाटन
राजस्थान की राजधानी जयपुर को रविवार को रेल विकास के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। वही इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जबकि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में 205 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल का भी आज उद्घाटन किया। आपको बता दें यह टर्मिनल जयपुर जंक्शन पर ट्रेनों के परिचालन दबाव को कम करने में अहम् भूमिका निभाएगा। इसमें वॉशिंग लाइन, स्टेबलिंग लाइन और बोगी ड्रॉप पिट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनके माध्यम से वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों का रखरखाव अधिक गुणवत्ता और कम समय में संभव हो सकता है ।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत 41 छोटे एवं मध्यम रेलवे स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म उन्नयन एवं विस्तार कार्यों तथा 16 स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली का भी लोकार्पण किया गया है । कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, बगरू विधायक कैलाश वर्मा सहित रेलवे एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे ।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ” आज खातीपुरा रेलवे स्टेशन, जयपुर में माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के साथ मेगा कोचिंग टर्मिनल का शुभारंभ और ‘जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह नई अत्याधुनिक ट्रेन राजस्थान और बिहार के सांस्कृतिक व व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगी। साथ ही, यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम यात्रा का उत्कृष्ट अनुभव भी प्रदान करेगी।
इस सौगात के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री जी का प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार!
शुभारंभ समारोह में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। साथ ही, उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे।