1. Home
  2. Latest News
  3. सहारनपुर में बिहार का कुख्यात 1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह ढेर
Latest News

सहारनपुर में बिहार का कुख्यात 1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह ढेर

सहारनपुर में बिहार का कुख्यात 1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह ढेर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बिहार का बदमाश लल्लन सिंह पर 7 हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे थे दर्ज़,वही STF ने की कार्रवाई

सहारनपुर में बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। सोमवार तड़के सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल लल्लन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उसके एक फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था। वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम था। रविवार की रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

   

घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट तथा पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। उस पर सात लोगों की हत्या का आरोप था। मारे गए लोगों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। साल 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी वह वांछित था। इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था।

Bikash Kumar Jha
Bikash Kumar Jha
Reporter

No Filter Journal Daily में Subscribe करें

एक ईमेल। छह ज़रूरी खबरें। बिना किसी शोर के — हर सुबह।